भारत जैसे विशाल और युवा देश के लिए रोजगार केवल आर्थिक विषय नहीं है, बल्कि यह सामाजिक स्थिरता, पारिवारिक सुरक्षा और देश के भविष्य से जुड़ा सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न है। जब भी रोजगार और बेरोजगारी से जुड़े आंकड़े सामने आते हैं, तो वे केवल प्रतिशत नहीं बताते, बल्कि देश की आर्थिक सेहत, युवाओं की उम्मीदों और सरकार की नीतियों की वास्तविक स्थिति को भी सामने लाते हैं। हाल ही में राष्ट्रीय सांख्यिकीय कार्यालय द्वारा जारी आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण ;पीएलएफएसद्ध के ताजा आंकड़े इसी दिशा में कई महत्वपूर्ण संकेत देते हैं।
इन आंकड़ों के अनुसार जनवरी-मार्च 2026 के दौरान शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी दर में कुछ गिरावट दर्ज की गई है। पहली नजर में यह तस्वीर सकारात्मक दिखाई देती है, लेकिन इन आंकड़ों के पीछे छिपी चुनौतियों और वास्तविकताओं को समझना भी उतना ही जरूरी है।
आज देश में युवाओं के सामने सबसे बड़ी समस्या केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि अपनी शिक्षा और कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करना है। लाखों युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों बिताते हैं। सरकारी नौकरियों की सीमित संख्या के कारण निराशा बढ़ती है। दूसरी ओर निजी क्षेत्रा में रोजगार की स्थिति अस्थिर बनी रहती है। ऐसे में सरकार को रोजगार सृजन को केवल सरकारी भर्ती तक सीमित नहीं रखना चाहिए।
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग यानी एमएसएमई क्षेत्रा भारत में रोजगार का सबसे बड़ा आधार है। यदि इस क्षेत्रा को सस्ती पूंजी, तकनीकी सहायता और बाजार उपलब्ध कराया जाए तो लाखों नए रोजगार पैदा हो सकते हैं। इसके अलावा पर्यटन, कृषि आधारित उद्योग, डिजिटल सेवाएं, हरित ऊर्जा और स्थानीय हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार की बड़ी संभावनाएं मौजूद हैं।
हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों के लिए यह विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। यहां पर्यटन, बागवानी, खाद्य प्रसंस्करण और प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित उद्योगों को बढ़ावा देकर युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार दिया जा सकता है। यदि गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तो पलायन भी कम होगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
रोजगार से जुड़ा एक और महत्वपूर्ण पक्ष शिक्षा व्यवस्था है। आज भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी ऐसी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं जिसका रोजगार बाजार की वास्तविक जरूरतों से सीधा संबंध नहीं है। कौशल आधारित शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और उद्योगों से जुड़ी पढ़ाई को बढ़ावा देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। केवल डिग्री आधारित शिक्षा युवाओं को रोजगार नहीं दे सकती।
सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में कौशल विकास और स्टार्टअप को बढ़ावा देने की दिशा में कई योजनाएं शुरू की हैं। लेकिन इन योजनाओं का वास्तविक प्रभाव तभी दिखाई देगा जब वे गांवों और छोटे शहरों तक प्रभावी रूप से पहुंचें। केवल बड़े शहरों में रोजगार केंद्रित विकास भारत की विशाल आबादी की जरूरतों को पूरा नहीं कर सकता।
पीएलएफएस के आंकड़े यह भी बताते हैं कि भारत का श्रम बाजार धीरे-धीरे बदल रहा है। डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऑनलाइन सेवाएं और नई तकनीक रोजगार के नए अवसर पैदा कर रही हैं। लेकिन तकनीकी बदलाव के साथ यह खतरा भी है कि कई पारंपरिक नौकरियां समाप्त हो सकती हैं। इसलिए भविष्य की अर्थव्यवस्था के अनुरूप युवाओं को तैयार करना आवश्यक होगा।
सरकार, उद्योग जगत और शिक्षा संस्थानों को मिलकर ऐसी नीति बनानी होगी जो रोजगार को केवल आंकड़ों तक सीमित न रखे, बल्कि लोगों के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार लाये। बेरोजगारी केवल आर्थिक समस्या नहीं होती यह सामाजिक तनाव, मानसिक दबाव और असंतोष को भी जन्म देती है। इसलिए रोजगार नीति को देश के समग्र विकास की नीति के रूप में देखा जाना चाहिए।
ताजा आंकड़े यह जरूर दिखाते हैं कि स्थिति में कुछ सुधार हुआ है। लेकिन देश के सामने अब भी बड़ी चुनौती यह है कि करोड़ों युवाओं के लिए स्थायी, सम्मानजनक और भविष्य सुरक्षित करने वाले रोजगार कैसे उपलब्ध कराए जाएं।
भारत दुनिया की सबसे युवा आबादी वाले देशों में शामिल है। यह हमारी सबसे बड़ी ताकत भी हो सकती है और सबसे बड़ी चुनौती भी। यदि युवाओं को सही शिक्षा, कौशल और रोजगार मिले तो भारत आने वाले वर्षों में दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो सकता है। लेकिन यदि रोजगार का संकट बना रहा तो यही युवा आबादी असंतोष और आर्थिक दबाव का कारण भी बन सकती है।
इसलिए समय की मांग यही है कि रोजगार को राजनीतिक नारों से ऊपर उठाकर राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाया जाए। असली सफलता तब होगी जब देश का हर युवा सम्मान के साथ कह सके कि उसके पास सुरक्षित और बेहतर भविष्य देने वाला रोजगार है।