राजस्थान में 162 सीटें जीत BJP रचा इतिहास!

Created on Monday, 09 December 2013 07:27
Written by Shail Samachar

जयपुर।। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को राजस्थान में पांच वर्ष बाद सत्ता में वापसी सुनिश्चित की।

इस बार के चुनाव में पार्टी ने 162 सीटों पर जीत हासिल कर इतिहास रचा है। 200 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस को मात्र 21 सीटें ही मिल पाईं।

भाजपा समर्थकों ने राज्य की राजधानी को झंडे बैनरों से पाट दिया और सड़कों पर ढोल-ताशे के साथ नाचने-गाने लगे। समर्थकों ने 'मोदी-मोदी' और वसुंधरा राजे जिंदाबाद के नारे लगाए और आतिशबाजी की।

भाजपा का राज्य में यह अब तक सभी पार्टियों के मुकाबले बेहतरीन प्रदर्शन है। इससे पहले बेहतरीन प्रदर्शन का रिकार्ड कांग्रेस के नाम है जिसने 1998 में 153 सीटों पर जीत हासिल की थी।

इससे पहले कांग्रेस का सबसे खराब प्रदर्शन 1977 में रहा था जब पार्टी को 41 सीटें मिली थीं।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार शाम राज्यपाल मार्गरेट अल्वा से मुलाकात की और अपना इस्तीफा सौंप दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रभान न केवल मंडवा क्षेत्र से चुनाव हार गए, बल्कि जमानत भी गंवा बैठे। शर्मनाक पराजय के बाद उन्होंने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेज दिया है।

भाजपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी शुरू कर दी है। वसुधंरा राजे राज्य की मुख्यमंत्री होंगी।

भाजपा के एक सूत्र ने कहा, "राजे अगले दो या तीन दिन में जयपुर में विधानसभा भवन के आगे जनपथ पर शपथ ग्रहण करेंगी।"

प्रदेश में 199 विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव कराए गए हैं, जबकि एक क्षेत्र चुरू में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रत्याशी जगदीश मेघवाल के निधन के कारण चुनाव रोक दिया गया था। यहां 13 दिसंबर को मतदान कराया जाएगा।

बसपा को तीन सीटें मिली हैं और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) को चार सीटों पर जीत हासिल हुई है।

जीतने वाले भाजपा के प्रमुख प्रत्याशियों में मुख्यमंत्री पद की प्रत्याशी और पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष वसुंधरा राजे और विपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया शामिल हैं।

झालड़ापाटन क्षेत्र से राजे ने कांग्रेस की प्रत्याशी मीनाक्षी चंद्रावत को 60,000 मतों से पराजित किया। राजे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भी हैं।

राज्य में सबसे बड़े अंतर से भाजपा के घनश्याम तिवारी जीते हैं। उन्होंने अपने निकटतम कांग्रेसी प्रत्याशी को 62000 मतों से पराजित किया।

राजे ने गुजरात के मुख्यमंत्री और पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को भी रैलियां करने के लिए धन्यवाद दिया।

राजे ने विधानसभा चुनावों में भाजपा के अच्छे प्रदर्शन के लिए मोदी को पूरा श्रेय भी दिया है। इस बीच मोदी ने राजे को फोन कर जीत की बधाई भी दे दी है।

पिछले विधानसभा चुनाव में 102 सीटों पर जीत हासिल करने वाली कांग्रेस इस चुनाव में बुरी तरह पराजित हो रही है।

कांग्रेस के जीतने वाले प्रत्याशियों में सरदारपुरा क्षेत्र से अशोक गहलोत भी शामिल हैं। उन्होंने भाजपा के शंभु सिंह खेतासर को 18000 मतों से पराजित किया।

कांग्रेस के पराजित होने वाले नेताओं में बीडी कल्ला, पर्यटन मंत्री बीना काक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री एए खान शहरी विकास मंत्री शांति कुमार धारीवाल और उद्योग मंत्री राजेंद्र पारीक हैं।