शिमला/शैल। हिमाचल प्रदेश में आयोजित अभिनंदन रैली के दौरान भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने कांग्रेस सरकार पर एकजुट होकर तीखा राजनीतिक हमला बोला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने मंच से राज्य सरकार की नीतियों, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और आर्थिक स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए। नेताओं ने राज्य सरकार पर वादाखिलाफी, कुशासन, आर्थिक कुप्रबंधन और जनता को गुमराह करने जैसे गंभीर आरोप लगाये। रैली में भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद विकास की गति थम गई है और जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल प्रदेश को तीन वर्षों में विकास के पथ से पीछे धकेल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस हिमाचल को भाजपा सरकार ने आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में मजबूत किया था, उसे वर्तमान सरकार ने कर्ज और अव्यवस्था में झोंक दिया है। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के समय जनता से बड़े-बड़े वादे किये, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वादों को निभाने में पूरी तरह विफल रही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। विकास कार्य ठप पड़े हैं, योजनाएं कागजों तक सीमित हैं और आम आदमी महंगाई, बेरोजगारी और बदहाल सेवाओं से परेशान है। नड्डा ने आरोप लगाया कि सरकार जनहित से ज्यादा सत्ता बचाने और राजनीतिक बयानबाजी में व्यस्त है।
जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार केंद्र सरकार की योजनाओं को रोकने और उनका श्रेय खुद लेने की राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल को दी जा रही सहायता को जानबूझकर कम करके दिखाया जा रहा है।
हिमाचल में केंद्र से मिली सहायता का विवरण देते हुये जेपी नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार ने आपदा राहत के लिए 3789 करोड़ रुपये, स्मार्ट सिटी के लिए 1000 करोड़ से अधिक, वाइब्रेंट विलेज योजना, मेडिकल कॉलेज, एम्स बिलासपुर, बल्क ड्रग पार्क, फोरलेन परियोजनाएं और बद्दी को फार्मा हब के रूप में विकसित करने के लिए राशि दी। नड्डा ने कहा कि केंद्र ने हिमाचल को 2000 करोड़ से अधिक की विशेष सहायता और 1442 करोड़ रुपये का जायका फंड स्वीकृत किया, लेकिन कांग्रेस सरकार ने कई योजनाओं में केवल 50 प्रतिशत राशि ही खर्च की। नड्डा ने कहा कि सड़क, रेल, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में जो भी बड़े प्रोजेक्ट प्रदेश में आये हैं, वे केंद्र सरकार की देन हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने केंद्र के साथ टकराव का रास्ता अपनाया है, जिसका खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार जो धन का सही उपयोग न कर सके, सत्ता में बने रहने की हकदार नहीं है।
जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने एक भी ठोस परियोजना केंद्र के पास नहीं भेजी। नड्डा ने चुनौती दी कि अगर कांग्रेस सरकार कोई प्रोजेक्ट लाए, तो केंद्र सरकार उसे तुरंत स्वीकृत करेगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है और माफिया बेलगाम हो चुके हैं। बिंदल ने कहा कि नशा माफिया, खनन माफिया और भूमि माफिया को सरकार का संरक्षण मिल रहा है, जिससे युवा पीढ़ी सबसे अधिक प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार देने में नाकाम रही है और युवाओं में निराशा बढ़ रही है। सरकारी भर्तियां धीमी पड़ी हैं और जिन नौकरियों की घोषणा की गई थी, वे अब तक पूरी नहीं हुईं। बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार केवल घोषणाएं करती है, लेकिन धरातल पर कुछ भी नजर नहीं आता।
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने हिमाचल को कर्ज के बोझ तले दबा दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा ध्यान कर्ज लेने और खर्च बढ़ाने पर है, जबकि आय बढ़ाने की कोई ठोस योजना नहीं है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के समय शुरू की गई कई योजनाओं को या तो बंद कर दिया गया या उन्हें धीमा कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने राजनीतिक द्वेष के चलते जनहित की योजनाओं को नुकसान पहुंचाया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया था, लेकिन वर्तमान सरकार उन्हें संभालने में भी नाकाम रही है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद अनुराग ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस सरकार ने युवाओं और कर्मचारियों दोनों के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय रोजगार और भत्तों को लेकर किए गए वादे पूरे नहीं किए गए। युवाओं को रोजगार देने की बात कही गई थी, लेकिन आज युवा दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की अनदेखी की जा रही है और सरकार केवल तात्कालिक फैसले लेकर भविष्य की समस्याएं खड़ी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों के मुद्दों को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं दिया।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार महिलाओं और गरीबों के नाम पर राजनीति कर रही है। योजनाओं की घोषणाएं तो की गईं, लेकिन उनका लाभ सीमित लोगों तक ही पहुंच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता नहीं है और कई जगहों पर भेदभाव किया जा रहा है।
पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता का ध्यान भटकाने के लिए बार-बार पूर्व सरकारों पर दोष मढ़ रही है। कश्यप ने कहा कि सत्ता में आये तीन वर्ष हो चुके हैं, लेकिन सरकार अब भी बहानेबाजी से बाहर नहीं निकल पायी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार के समय शुरू हुए कई अधूरे प्रोजेक्ट आज भी पूरे नहीं हो पाए हैं, जिससे जनता को नुकसान हो रहा है।
भाजपा नेताओं ने आपदा प्रबंधन को लेकर भी कांग्रेस सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय सरकार की तैयारियां अपर्याप्त रहीं और राहत कार्यों में देरी हुई। नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा दी गई सहायता का सही उपयोग नहीं किया गया और प्रभावित लोगों को समय पर राहत नहीं मिली।
रैली के दौरान भाजपा नेताओं ने भ्रष्टाचार के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के मामले बढ़े हैं और पारदर्शिता की कमी साफ दिखाई दे रही है। नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार के समय भ्रष्टाचार पर सख्त नियंत्रण था, लेकिन वर्तमान सरकार में जवाबदेही कमजोर हुई है।
अभिनंदन रैली के माध्यम से भाजपा नेताओं ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि पार्टी प्रदेश में कांग्रेस सरकार की नीतियों और फैसलों को जनता के बीच उजागर करेगी। नेताओं ने कहा कि भाजपा जनता के मुद्दों को लेकर सड़कों से लेकर विधानसभा तक संघर्ष करेगी और सरकार की विफलताओं को सामने लाएगी।
रैली में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पार्टी नेतृत्व के प्रति विश्वास जताया। नेताओं ने कहा कि भाजपा हिमाचल प्रदेश में एक मजबूत विकल्प के रूप में जनता के बीच मौजूद है और आने वाले समय में जनसमर्थन के बल पर फिर से सत्ता में लौटेगी।