शिमला/शैल। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने सरकार के खिलाफ बड़ा राजनीतिक अभियान छेड़ने का ऐलान किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि पार्टी सरकार के कार्यकाल की विस्तृत चार्जशीट तैयार कर गांव-गांव और शहर-शहर जनता के बीच जाएगी। इस चार्जशीट में चुनावी गारंटियों, अधूरे वादों, आर्थिक स्थिति, कानून- व्यवस्था, भ्रष्टाचार और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को शामिल किया जाएगा।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने महिलाओं, युवाओं, किसानों, बागवानों, कर्मचारियों और बेरोजगारों से कई बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद अधिकांश गारंटियां अधूरी रह गईं। उन्होंने कहा कि अब जनता सरकार से जवाब मांग रही है और भाजपा इन सवालों को जन-जन तक पहुंचाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा की चार्जशीट में महिलाओं को आर्थिक सहायता, युवाओं को रोजगार, किसानों और बागवानों से जुड़े वादे, कर्मचारियों को दिए गए आश्वासन, प्रदेश की आर्थिक स्थिति, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार के आरोप और विकास कार्यों की रफ्तार जैसे सभी प्रमुख मुद्दों को तथ्यात्मक रूप से शामिल किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने विकास को गति देने के बजाय जनता पर करों और विभिन्न शुल्कों का बोझ बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि कई विकास परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं और प्रदेश में आर्थिक अनिश्चितता का माहौल बना है। पार्टी इन सभी मुद्दों को प्रमाण सहित जनता के सामने रखेगी।
डॉ. बिंदल ने बताया कि चार्जशीट को केवल एक राजनीतिक दस्तावेज नहीं, बल्कि सरकार की कथनी और करनी का लेखा-जोखा बनाकर प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को सरकार के प्रदर्शन और चुनावी वादों की वास्तविक स्थिति से अवगत कराएंगे।